छतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तार आए दिन टूट कर गिरने से होने
वाले हादसों से नाराज लोगों ने भोलेपुर बेवर रोड पर मंगलवार को जाम लगा
दिया। भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई बंद होने के कारण लोगों ने
हाईटेंशन लाइन के तार तोड़ कर जमीन पर फेंक दिए। जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस
कर्मियों से धक्कामुक्की कर दी।
एक्सईएन ग्रामीण से महिलाओं ने कहा कि घरों
के ऊपर से लाइन नहीं निकलने देंगे। इसको लेकर इनमें नोकझोंक हो गई।
एक्सईएन ने दो दिन में घरों के ऊपर से तार हटवाए जाने का आश्वासन दिया। इस
पर करीब एक घंटे बाद जाम खुला।
भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र के मंडल फीडर
से गैसिंगपुर, रतनपुर कंझाना, मुड़गांव तक हाईटेंशन लाइन गई है। यह लाइन
नलकूप
कालोनी के आवासों के ऊपर से निकली है। कई घरों की छतों से दो तीन फीट
की ऊंचाई पर हैं। आए दिन तार टूटकर छतों पर गिरते हैं। हाल ही में
हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिरने से घरों में करंट दौड़ गया था। इससे
घरेलू उपकरण जल गए थे। इससे गुस्साए लोगों ने मंगलवार को बिजली सप्लाई बंद
होने पर तार तोड़कर जमीन पर डाल दिए। जोड़ने गए लाइनमैन
को भगा दिया।
दोबारा लाइनमैन के पहुंचने पर स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। भोलेपुर बेवर
रोड पर लोहे का पोल डालकर महिलाओं ने जाम लगा दिया। जानकारी पर फतेहगढ़
कोतवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे । जबरिया जाम खुलवाने पर प्रदर्शनकारियों
ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की कर दी। कोतवाल की सूचना पर एक्सईएन
ग्रामीण अमर सिंह अवर
अभियंता रोहित कनौजिया, ठेकेदार आशीष मिश्रा व अन्य
लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। इन्होंने जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास
किया। घरों के ऊपर से तार न हटाए जाने की बात सुनकर महिलाओं ने एक्सईएन को
खरीखोटी सुना दी। एक्सईएन ग्रामीण ने दो दिन में पोल लगाकर छतों के ऊपर से
तार हटाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुल सका। करीब एक घंटा जाम
लगा रहा।