फोटो-29 प्राथमिक विद्यालय कुबेरपुर प्रथम के ऊपर से गुजरी एच टी लाइन, नीचे खेलते बच्चे। स्रोत: ज
कायमगंज। क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में सोमवार सुबह बड़ा हादसा बच गया। स्कूल भवन के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन टूटकर गिर पड़ी, लेकिन प्रधानाध्यापक अमित भारती की सतर्कता से सभी बच्चे सुरक्षित रहे।
उन्होंने बिजली विभाग के साथ-साथ खंड शिक्षा अधिकारी को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद लाइनमैन मौके पर पहुंचे और टूटे तारों को जोड़ा गया। इसके बाद ही बच्चों को स्कूल परिसर में प्रवेश दिया गया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि कई बार बिजली विभाग को लाइन हटाने के लिए पत्र भेजे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व इसी लाइन से करंट लगने से एक सफाईकर्मी घायल हो चुका है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश पाल ने बताया कि कायमगंज क्षेत्र के सात स्कूलों के ऊपर से एचटी लाइनें गुजर रही हैं। जल्द ही सभी स्कूलों से तार हटा दिए जाएंगे।
वहीं जेई केके मौर्या ने बताया कि सूचना मिलते ही लाइन दुरुस्त करा दी गई है। सभी प्रभावित स्कूलों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है और अनुमति मिलते ही लाइनें हटा दी जाएंगी।