एलटी लाइन के ऊपर एचटी लाइन गिरने से घरों में करंट दौड़ गया। इससे एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। इसके साथ गांव की दो किशोरियां झुलस गई हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर नाराजगी जताई। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव मूसाखिरिया में कुछ दिन पहले ही एलटी लाइन क ी बंच केबिल डाली गई थी। इसके ऊपर से एचटी लाइन निकली है। एचटी लाइन के नीचे से किसी भी प्रकार का जाल नहीं बिछाया गया था। मंगलवार देर रात गांव के शरद श्रीवास्तव घर पर नहीं थे।
उनका कहना है कि मां लौंगश्री, पत्नी संगीता बेटे लव और बेटी लवी के साथ छत पर सोई हुई थी। रात लगभग 11:30 पर लाइन में स्पार्किंग के साथ जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर संगीता नीचे की ओर भागी और मेनलाइन से कट आउट निकालने लगीं।
इस दौरान घर में एचटी करंट फैल जाने से संगीता करंट की चपेट में आ गई। संगीता को लाइन में चिपका देख बच्चों ने चीखपुकार मचानी शुरू कर दी। इस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिजली घर पर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के 10 मिनट के बाद बिजली काटी गई। इसके बाद ग्रामीण घायल संगीता को जहानगंज स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई थी।
ग्रामीणों को आरोप है कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं आया। बुधवार को मृतका के पति ने घटना की सूचना थाने पर दी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जेई अजय यादव ने बताया कि मृतका के परिवार को दो लाख रुपये की विभागीय आर्थिक सहायता दी जाएगी है। एसडीओ संतोष प्रसाद ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सुरक्षा परिषद को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट आते ही मदद की धनराशि दी जाएगी।