फोटो-36, पांचाल घाट बंधा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़े गए मकान।संवाद
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट बंधा मार्ग को चौड़ा करने के लिए अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में स्थानीय लोगों ने अपने मकान तोड़ दिए, लेकिन सड़क किनारे धार्मिक स्थल व आश्रम बने हुए हैं।
स्थानीय लोग धार्मिक स्थल तोड़ने का विरोध कर रहे हैं। करीब तीस वर्ष पहले इस मार्ग पर 3.3 मीटर चौड़ी सड़क बनाई गई थी। सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुर्वासा ऋषि आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली। जैसे-जैसे जनसंख्या घनत्व बढ़ा और माघ मेला, श्री रामनगरिया और सावन मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी, सड़क पर जाम लगने की समस्या बढ़ने लगी।
ऐसे में धर्मार्थ कार्य योजना के तहत बंधा रोड का चौड़ीकरण प्रस्तावित किया गया। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर ने साधु-संतों से बातचीत की। इसके बाद लोगों ने 15 मीटर चौड़ी सड़क के लिए भवन खाली करने पर सहमति दी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सात मीटर ही बनेगी, फिर 15 मीटर के लिए भूमि अधिग्रहण क्यों किया जा रहा।
अधिकारियों ने मेला और स्नान पर्व के समय होने वाले जाम का हवाला दिया। लोगों ने भवन तोड़ दिए, लेकिन मंदिर और आश्रम अभी भी खड़े हैं। इससे अब सड़क चौड़ीकरण पर सवाल उठने लगे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल ने बताया कि सभी को अपना अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बंधा पर सड़क किनारे कोई भी सार्वजनिक निर्माण नहीं है। सभी को अपना निर्माण हटाना होगा।