कायमगंज सीएचसी में कोरोना जांच को नमूना लेता स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जनपद में शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 63 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें सेंट्रल जेल फतेहगढ़ के 6 कैदी भी शामिल हैं। वहीं विभिन्न अस्पतालों में हुए एंटीजन टेस्ट में 30 लोग संक्रमित पाए गए। इससे जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 231 पहुंच गई है।
जिले में कोराना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसके बावजूद भीड़ की रोकथाम के लिए कोई इंतजाम भी नहीं किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में 6 कैदियों के और संक्रमित होने से मरीजों की संख्या 16 हो गई है। इन्हें जेल के अस्पताल में रखा गया है।
वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.प्रभात वर्मा फिर संक्रमित हो गए हैं। कोरोना की पहली लहर में गत वर्ष संक्रमित होने पर उनका कानपुर के एक अस्पताल में इलाज चला था। इसके बाद उन्होंने वैक्सीन के दोनों डोज के टीके लगवाए। 10 जनवरी को बूस्टर डोज भी लगवाया।
शुक्रवार को उनकी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आ गई। फिलहाल वह लिंजीगंज अस्पताल परिसर स्थित आवास पर आइसोलेट हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार ब्लाक बढ़पुर व शहरी क्षेत्र के 48 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा कायमगंज व नवाबगंज क्षेत्र के दो-दो, कमालगंज क्षेत्र के 9 लोग व मोहम्मदाबाद के रोहिला निवासी वृद्ध कोरोना की चपेट में आया है।
सीएमओ कार्यालय से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 231 केस एक्टिव हैं। इनमें 175 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 16 संक्रमित कैदी सेंट्रल जेल अस्पताल में रखे गए हैं। जिले के बाहर तीन मरीज एल-2 व 6 मरीज एल-3 अस्पतालों में भर्ती हैं।
शुक्रवार को जिले में 2167 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। इसमें 30 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए। 1727 लोगों के आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूने लिए गए हैं।