संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सदर तहसील में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में एक होमगार्ड की पत्नी ने अपनी बेटी के साथ पहुंचकर सीडीओ को दुखड़ा सुनाया। कहा, मऊदरवाजा थाने के पास कच्चा मकान था। एक दबंग ने परिवार के साथ मिलकर ढहा दिया। अब पक्की दीवारें भी खड़ी कर ली हैं। वह जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। परेशान होकर पैतृक भवन में गुजर कर रही हैं। सीडीओ के सामने 69 शिकायतें आईं, जिनमें से 10 का निस्तारण कर दिया गया।
शहर के मोहल्ला मित्तूकूंचा निवासी महेंद्र नाथ मिश्रा होमगार्ड हैं। उनकी पत्नी संध्या ने सीडीओ डा. राजेंद्र पैंसिया से शिकायत की कि काला बाग (बहादुरगंज) में कच्चा मकान है। पड़ोस के ही दबंग ने रातोंरात गिराकर उस पर कब्जा कर लिया। घरेलू सामान का भी पता नहीं है। काफी पुराना पेड़ भी कटवा दिया। पड़ोसियों से जानकारी होने पर जब पहुंची, तो आरोपी ने परिजनों के साथ अभद्रता की। सीडीओ ने थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
मकान में तिहाई हिस्सा दिलवाएं
मेरापुर थाने के गांव पखना के देवकिशोर दुबे उर्फ बाबा देवदास ने मकान में भाइयों से तिहाई हिस्सा दिलवाने की गुहार लगाई। कहा, मकान में एक मंदिर है। मंदिर की जगह को छोड़कर तिहाई हिस्सा देने के लिए परिवार के लोग राजी नहीं हैं। बोले, यदि तिहाई हिस्सा नहीं मिलता तो आत्महत्या को मजबूर होंगे।
लेखपाल नहीं बना रहा मृत्यु प्रमाण पत्र
सदर तहसील के गांव नूरपुर निवासी मुन्नू सिंह की चार माह पहले मृत्यु हो गई थी। पत्नी पूरन देवी और बच्चे मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेखपाल के चक्कर लगा रहे हैं। पीड़िता ने कहा, बैंक में दो-चार हजार रुपये पड़े हैं, उन्हें निकालने के लिए प्रमाण पत्र की जरूरत है।
नजूल भूूूमि कब्जा मुक्त कराने की मांग
ग्राटगंज निवासी तमाम लोगों ने शिकायत की कि रोड पर कई लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इससे आए दिन रोड जाम हो जाता है। कागजों में काफी चौड़ा रोड है। उन्होंने शीघ्र ही इस रोड से कब्जा हटाने की मांग की है। पत्र देने वालों में सौरभ भारद्वाज, रामनरेश शर्मा, सुनील, ताहिर, नन्हे खां, मनोज गुप्ता, अजय गुप्ता, शाकिर खान, मोहम्मद राशिद आदि थे।
कायमगंज में 10 मामलों का हुआ निस्तारण
कायमगंज। तहसील सभागार में तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में दस मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। 22 मामले अफसरों को समय सीमा में निस्तारित करने केे दिए गए हैं। बुधवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में गांव अहमदगंज निवासी सुमित चतुर्वेदी ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि गांव को जाने वाले खड़ंजे पर हमेशा पानी भरा रहता है। पानी की निकासी की व्यवस्था करने को कई बार मांग की गई। मगर सुनवाई नहीं हो रही है। गांव पितौरा निवासी नबाब सिंह गंगवार ने कहा ग्राम प्रधान ने रास्ते की भूमि पर कब्जा कर लिया है। अमृतपुर तहसील में एसडीएम विजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें नौ शिकायते आई, लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। गांव गांधी के विद्याराम, अमृतपुर कसबा के सुरेश चंद्र ने चक मार्ग की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने की मांग की। इस दौरान तहसीलदार भोपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी श्रीप्रकाश उपाध्याय एडीओ पंचायत अजीत पाठक आदि मौजूद रहे। (संवाद)