फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन के लिए शनिवार को स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में जिला स्तरीय क्रिकेट ट्रायल का आयोजन किया। बल्लेबाजों ने पुल, कवर ड्राइव लगा तो गेंदबाजों ने गुगली व बाउंसर डालते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए जनपद के आठ खिलाड़ियों का चयन किया।
फर्रुखाबाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव मोहनलाल अग्रवाल की देखरेख में ट्रायल देने के लिए करीब दो दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी मैदान पर जमा हुए। बल्लेबाजों को तीन-तीन ओवर खेलने के लिए दिए गए। बल्लेबाज मयंक कुमार ने पुल शॉट खेला तो मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
गौरांग गुप्ता और प्रणव कुमार आदि ने कवर ड्राइव व कट शॉट लगाए। गेंदबाज कौशलेंद्र कुमार और सोनू यादव ने गुगली व बाउंसर डालकर बल्लेबाजों को छकाया। ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों में बल्लेबाज मयंक कुमार, कन्हैया, गौरांग गुप्ता, प्रणव कुमार और गेंदबाज कौशलेंद्र कुमार, आयुष सक्सेना, विकास कुमार और सोनू यादव का चयन मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए किया गया। अंपायरिंग की भूमिका पुष्कर मिश्रा व डॉ. अमित सक्सेना ने निभाई। नितिन और योगेश कुमार स्कोरर रहे।
सचिव ने बताया कि चयनित आठ खिलाड़ी मंडल स्तरीय ट्रायल में भाग लेने कमला क्लब मैदान कानपुर जाएंगे। यहां खेल के आधार पर खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-23 टीम के लिए होगा।