पक्ष में प्रचार न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने झोंका फायर
फर्रुखाबाद। हिस्ट्रीशीटर ने पत्नी के पक्ष में प्रचार न करने पर ग्रामीण पर फायर कर दिया। इसमें वह बाल बाल बच गया। हिस्ट्रीशीटर व उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस ने चार घंटे तक कटरी में काबिंग की लेकिन आरोपी नहीं मिला। ग्रामीण ने हिस्ट्रीशीटर सहित छह के खिलाफ तहरीर दी।
फतेहगढ़ के गांव सुंदरपुर मजरा कछुआ गाढ़ा निवासी रामकिशोर यादव गांव के निवर्तमान प्रधान राजू यादव के पक्ष में मंगलवार रात प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ पहुंचा और प्रधानी का चुनाव लड़ रही पत्नी के पक्ष में प्रचार करने के लिए दबाव बनाया। इनकार करने पर रामकिशोर पर तमंचे से फायर कर दिया।
हालांकि वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रामकिशोर की सूचना पर कोतवाल जय प्रकाश पाल फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी की और हिस्ट्रशीटर की तलाश में गांव के अलावा कटरी के इलाके में कांबिग की।
बुधवार को पुुलिस ने उसके सिविल लाइन मड़ैया स्थित दूसरे आवास पर दबिश दी। वह यहां भी नहीं मिला। पुलिस ने उसके आवास पर रेड नोटिस चस्पा कर दिया। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर सहित छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर थाने में टॉप 10 के अपराधियों की सूची में दर्ज है। चार घंटे रात में कटरी में काबिंग की, लेकिन वह नहीं मिला। उसके खिलाफ तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।