कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव रानीपुर गौर निवासी ग्रामीण के स्थान पर रजिस्ट्री कार्यालय के गुमनाम शख्स को खड़ा कर जमीन का बैनामा करा लेने के मामले में एसपी के आदेश पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव रानीपुर गौर निवासी रामेश्वर दयाल ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उनकी गांव में 1.672 हेक्टेयर भूमि है। 2 मई 2020 को जनपद एटा थाना जैथरा क्षेत्र के गांव सहादत नगर निवासी उर्मिला देवी पत्नी महेश चंद्र ने रामेश्वर दयाल के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कार्यालय में खड़ा कर उक्त भूमि में से 0.862 हेक्टेयर भूमि का बैनामा करा लिया है। बैनामे के समय स्टांप पर फोटो रामेश्वर का ही लगा है। साथ ही आधार कार्ड भी उन्हीं का लगा है। बैनामे के समय रजिस्ट्री कार्यालय में किसी व्यक्ति को खड़ा कर ऑनलाइन फोटो खिंचाया गया है। फर्जी तरीके से बैनामा कराने में उर्मिला देवी के पति महेश चंद्र व गवाह के तौर पर रामवीर निवासी ग्राम रानीपुर गौर, नेकराम निवासी ग्राम सोतेपुर शामिल हैं। रामेश्वर दयाल की तहरीर पर चारों के खिलाफ एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।