फर्रुखाबाद। गंगा नदी पर पांचाल घाट पुल की मरम्मत के लिए भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। डायवर्जन की वजह से शमसाबाद में वाहनों की कतारें लग गईं। रोडवेज बस अड्डे पर हरदोई की एक भी बस नहीं पहुंची। पुल के दक्षिण छोर पर हाइट बैरियर लग गया। बाइकों, कारों को पुल से निकलने की छूट रहेगी।
बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांचाल घाट गंगा पुल को मरम्मत के लिए एक महीने के लिए बंद करने की तारीख के दूसरे दिन सोमवार दोपहर में भारी वाहनों का आवागमन रोका गया। हालांकि कुछ बस संचालक बहानेबाजी करके बसें निकालने में सफल भी रहे। हरदोई डिपो की सभी बसों ने रामनगरिया स्थल पर बने अस्थायी बस अड्डे पर सवारियां उतारना और चढ़ाना शुरू कर दिया। रोडवेज बस अड्डे पर एक भी बस नहीं पहुंची।
शाहजहांपुर और बदायूं डिपो की चंद बसें बहानेबाजी करके बस अड्डा तक पहुंचने में सफल रहीं। दोपहर बाद हाईवे प्रशासन ने पुल के दक्षिण छोर पर हाइट बैरियर लगा दिया। चाचूपुर तिराहा पर बैरियर लगाने के साथ ही डबरी मोड़ से वाहनों को शमसाबाद के लिए मोड़ दिया गया। पुलिस की पिकेट यहां से भारी वाहनों को किसी भी कीमत पर आगे जाने की इजाजत नहीं दे रही है। हालांकि छोटे वाहनों को निकालने की अनुमति दी गई है।
भारी वाहनों को ढाईघाट होकर निकालने से दोपहर 12 बजे शमसाबाद कस्बे में पीएनबी चौराहे पर वाहन फंस गए। इस वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे में पुलिस वाहनों को धीरे-धीरे निकालने में कामयाब हो सकी।
ई-रिक्शा संचालकों की निकली लाॅटरी
अस्थायी बस अड्डा शुरू होने से ई-रिक्शा संचालकों की आवाजाही बढ़ गई है। बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और टेंपो का सवारियां लेकर पहुंचना शुरू हो गया। यही नहीं बस आते ही सवारियों को बैठाने की भी होड़ दिखाई दी। मंगलवार से बरेली की ओर से आने वाली सभी बसों का रुकना शुरू हो जाएगा। इससे ई-रिक्शा संचालकों को खासा फायदा होगा।
-
पीएनबी चौराहा मोड़ पर फंसे वाहन, दो घंटे बाद राहत
शमसाबाद। पांचाल घाट पुल पर भारी वाहन रोककर ढाईघाट होकर गुजारने से कस्बे में दिक्कत खड़ी हो गई। काफी संकरे पीएनबी चौराहे पर वाहन फंसने से लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने बिरिया डांडी तिराहे पर सभी भारी वाहनों को रोक दिया। इसके दो घंटे बाद ही जाम से राहत मिल सकी।
पांचाल घाट पुल भारी वाहनों के लिए बंद होने के बाद फैजबाग-शमसाबाद-ढाईघाट रोड पर वाहनों की संख्या दोगुना हो गई। भारी वाहनों की संख्या अधिक होने की वजह से स्थिति खराब हो गई। पीएनबी चौराहा पर मोड़ और सड़क की चौड़़ाई कम होने से भारी वाहन फंस गए। लिहाजा वाहनों की लंबी कतारें बूढ़ी गंगा तक लग गईं। पुलिस काफी मशक्कत के बाद भी जाम खुलवाने में नाकाम रही, तो बिरिया डांडी तिराहे पर सभी वाहनों को रोक दिया गया। इसके बाद एक-एक कर वाहनों को निकाला गया। दिन भर जाम लगता और खुलता रहा। पुलिस को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
आज से खुलेगा बाजार तब और बिगड़ेंगे हालात
सोमवार को साप्ताहिक बाजार बंदी की वजह से अधिकांश बाजार बंद था। लिहाजा आसपास के लोग भी न के समान ही बाजार में आए। इससे स्थानीय वाहनों की संख्या कम थी। मंगलवार को पूरा बाजार खुलेगा। आसपास सैकड़ों गांवों के लोगों का अपने वाहनों से आवागमन होगा। ऐसे में हालात और अधिक बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।