फर्रुखाबाद। कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन को पुरस्कृत किया गया है। सीएचसी को 71.2 प्रतिशत अंक मिले हैं। अब शासन से शीघ्र ही पुरस्कार के एक लाख रुपये मिलेंगे। इसे सीएचसी की व्यवस्थाएं और बेहतर करने के लिए खर्च किया जाएगा।
कायाकल्प अवार्ड योजना में चयनित जिले के मात्र एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन का राज्य स्तरीय टीम ने निरीक्षण किया था। 500 बिंदुओं पर हुए निरीक्षण में अस्पताल में साफ-सफाई, स्वच्छता संबंधित गतिविधियां, स्टाफ को प्रशिक्षण, चिकित्सीय उपकरणों व भवन का रखरखाव, टीकाकरण, सभी कार्यों का शेड्यूल, अनुशासन, जैविक कचरा प्रबंधन देखा गया।
अस्पताल में अच्छी व्यवस्थाएं होने पर टीम ने चिकित्साधीक्षक डॉ. अमित अग्रवाल की तारीफ की थी। हालांकि डॉ. अमित अग्रवाल को यहां से स्थानांतरित कर शमसाबाद सीएचसी का चिकित्साधिकारी बना दिया गया है। जिला सलाहकार क्वालिटी एश्योरेंस (डीसीक्यूए) डॉ. शेखर यादव ने बताया कि 70 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले अस्पतालों को शासन से पुरस्कृत किया जाता है।
पुरस्कृत होने वाली जिले की पहली सीएचसी बरौन है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प में लोहिया अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर भी शामिल हैं। हालांकि अभी उसका परिणाम नहीं आया है।