फर्रुखाबाद। जिले की तमाम सीएचसी, पीएचसी में इलाज के नाम पर खानापूरी हो रही है। हालात इस कदर खराब हैं कि मरीज आते ही रेफर स्लिप भरकर एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेज दिए जाते हैं। इससे लोहिया अस्पताल के स्टाफ में गुस्सा है। गुरुवार को इमरजेंसी स्टाफ ने शमसाबाद डाक्टर से विरोध दर्ज कराया।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में शमसाबाद के सिकंदरपुर निवासी छोटे (60) को सांस लेने में दिक्कत होने पर लाया गया। परिजन पहले शमसाबाद सीएचसी ले गए। वहां के स्टाफ ने इलाज किए बिना सीधे रेफर स्लिप बनाकर लोहिया अस्पताल भेज दिया।
यहां चीफ फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह ने छोटे को देख सीएचसी की लापरवाही बताई। उन्होंने शमसाबाद सीएचसी के चिकित्साधिकारी डा. धन सिंह से बात की। कहा कि यह ठीक नहीं है। रेफर स्लिप पर क्या इलाज किया, यह तक नहीं लिखा है। डिप तक लगाने की जरूरत नहीं समझी। इससे पहले मोहम्मदाबाद के मौधा निवासी राजकुमार को सीएचसी मोहम्मदाबाद से बिना इलाज रेफर कर दिया गया था।