फर्रुखाबाद। अजमेर शरीफ से लौटी दो महिला और एक युवक समेत 10 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इससे पहले भेजे गए 11 मरीजों के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अब कोरोना के संभावित मरीजों को मिशन अस्पताल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा जाने लगा है। सीएमएस की ओर से तीन शिफ्टों में डाक्टरों समेत स्टाफ की ड्यूटी लगा दी है।
इसमें लैब टेक्नीशियन महेंद्र कुमार और अवधेश कुमार मिश्रा को लगाया गया है। मिशन अस्पताल में भर्ती मोहम्मदाबाद के किदवईनगर निवासी अजमेर से लौटी दो महिलाओं और मोहम्मदाबाद के ही शिवाजी नगर निवासी युवक के अलावा हरियाणा के गुरुग्राम से लौटे उलियापुर के युवक समेत 10 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। कोरोना नियंत्रण की नोडल अधिकारी डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि 10 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट आने तक इन मरीजों को मिशन अस्पताल में ही क्वारंटीन में रखा जाएगा। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजीव शाक्य ने बताया कि 11 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।