फोटो-7 कायमगंज सीएचसी की इमरजेंसी में भर्ती मरीज। संवाद
कायमगंज। ठंड बढ़ने के साथ ही सर्दी में अस्थमा और सीने के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ठंड के असर से सबसे अधिक परेशानी अस्थमा व सांस के पुराने रोगियों को हो रही है। सीएचसी में मंगलवार को सांस फूलने और सीने में दर्द की शिकायत लेकर सात से अधिक मरीज इमरजेंसी पहुंचे, जिन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
सोमवार को धूप खिलने के बाद सीएचसी की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्चा बनवाने के बाद मरीज ओपीडी कक्षों के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। ओपीडी में 300 से अधिक मरीजों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। सर्वाधिक मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, तेज खांसी, अस्थमा की दिक्कत और सीने में दर्द से पीड़ित रहे। कई मरीज ऐसे भी पहुंचे, जो लंबे समय से खांसी की समस्या झेल रहे हैं और अब सांस के रोगी बन चुके हैं। इसके अलावा बुखार व उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों को भी भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
चिकित्साधीक्षक डॉ. शोभित कुमार ने बताया कि अस्पताल में जांच व इलाज की समुचित व्यवस्था है। डॉ. विपिन कुमार व डॉ. अमरेश के अनुसार, सर्द व शुष्क हवा श्वसन नली को संकुचित कर देती है, जिससे सूजन और बलगम बढ़ता है। इससे सांस लेने में दिक्कत होती है। चिकित्सकों ने सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और किसी भी परेशानी पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।