सरकारी स्कूलों में फल वितरण वितरित न किए जाने वाले कन्या प्राथमिक विद्यालय बराकेशव के शिक्षक को बीएसए ने निलंबित कर दिया।
शिक्षक दिवस पर विद्यालयों में डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन मनाना और फल वितरण होना था। जिलाधिकारी को कई विद्यालयों में फल वितरण न होने की जानकारी हो रही थी। इस पर उन्होेंने शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों को जांच पड़ताल में लगाया और रिपोर्ट में परिषदीय विद्यालयों में हकीकत सामने आ गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मोहम्मदाबाद क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय बराकेशव का निरीक्षण किया। यहां बच्चों को फल वितरित नहीं किए गए थे। इसपर बीएसए संदीप चौधरी ने प्रधानाध्यापक बृजमोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कमालगंज क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल ने 10 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय उगरापुर में 48 में 26 , पूर्व माध्यमिक विद्यालय उगरापुर में 31 में 21, प्राथमिक विद्यालय अलाउद्दीनपुर में 124 में 83, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अलाउद्दीनपु में 55 में 15, प्राथमिक विद्यालय ईसापुर में 117 में 41, पूर्व माध्यमिक विद्यालय ईसापुर में 27 में 18, पूर्व माध्यमिक विद्यालय रशीदपुर में 29 में 17, प्राथमिक विद्यालय रशीदपुर में 76 में 44 बच्चे मौजूद मिले। अधिकतर विद्यालयों में केले का वितरण किया गया तो प्राथमिक विद्यालय अलाउद्दीनपुर में बच्चों को अमरूद से ही संतुष्टि करनी पड़ी।
प्राथमिक विद्यालय मठिया देवी, पल्ला तालाब निरीक्षण में बंद मिले। अधिकतर विद्यालयों में मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप चौधरी ने बताया कि फल वितरण और दूध वितरण न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।