फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बावरिया गिरोह ने दो घरों में बोला धावा, पांच को किया घायल

Wed, 03 Aug 2016 10:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/फर्रुखाबाद
विज्ञापन
घटना के बाद घायल मोहम्मद अब्बास से जानकारी करते आईजी जोन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव नसरतपुर में मंगलवार रात बावरिया गिरोह ने दो घरों में धावा बोलकर लूटपाट की। पांच लोगों को पीट कर मरणासन्न कर दिया। पिटाई से एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इन्हें मेडिकल कालेज सैफई रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर आईजी  ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन



 नसरतपुर निवासी रामऔतार का बड़ा बेटा संजीव सेना में जम्मू में कार्यरत है और मझला बेटा शैलेंद्र सीआरपीएफ में तैनात है। दोनों बेटों का परिवार शहर में रहता है। रामऔतार अपनी पत्नी और बेटा उपेंद्र के साथ गांव नसरतपुर में रहते हैं। मंगलवार रात बावरिया गिरोह ने धावा बोल दिया। रामऔतार के सिर में वजनदार चीज से वार कर बेदम कर दिया। रामऔतार के चीखने पर उनकी पत्नी कमला दौड़ी तो उसके सिर पर भी वार दिया।

इसके बाद उपेंद्र (20) की गर्दन पर डंडा रखकर दबा दिया। तीनों के मरणासन्न होने पर गिरोह ने उनके घर में रखी अलमारी व बक्सों का लाक तोड़ा। जेवर, नगदी समेटने के बाद निकल गए। घर में रखी दोनाली लाइसेंसी बंदूक को हाथ तक नहीं लगाया। इसके बाद गिरोह ने गांव के दूसरे छोर पर रह रहे अब्बास के घर पर धावा बोला।
विज्ञापन


अब्बास अपनी पत्नी अफसाना और बेटा जुबैर (30) तथा पुत्रवधू शबाना और नाती इश्केरसूल और नातिन साबरिन के साथ आंगन में सो रहे थे। अब्बास का कहना है कि रात करीब 12:15 बजे उनके घर में दीवार फांदकर दो लोग घुस आए और उन्होंने मुख्य द्वार की कुंडी खोलकर अपने अन्य साथियों को अंदर कर लिया। बेटा जुबैर ने टोका तो उस पर हमला कर दिया।

इसके बाद बक्सा तोड़कर जेवर व अन्य सामान समेट लिया। इस दौरान अब्बास ने एक बदमाश का पैर पकड़ लिया और शोर मचाने लगा। पड़ोसी अंसार को आवाज लगाई तो लुटेरे भाग गए। इससे पहले लुटेरों ने रानूखेड़ा में प्रेम सिंह के यहां भी लूटपाट का प्रयास किए, लेकिन शोर मचाने पर भाग निकले।  घटना की सूचना पर एसपी राजेश कृष्ण स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने आसपास के बागों और खेतों की कांबिंग करवाई।

कांबिंग के दौरान पुलिस को जेवर रखने वाली कुछ डिब्बियां बाग में खाली पड़ी मिली। एक बैग और अनार के छिलके पड़े मिले। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रामऔतार और उनकी पत्नी कमला देवी तथा पुत्र उपेंद्र को डाक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक बताते हुए तीनों को मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया।

आईजी जकी अहमद और कन्नौज के एसपी दिनेश कुमार पी. भी मौके पर पहुंचे। मामले की पड़ताल के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। कई स्थानों पर गिरोह से जुड़े डेरे होने की आशंका में छापेमारी भी की गई। एसपी फर्रुखाबाद ने बताया कि इस घटना को बावरिया गिरोह ने अंजाम दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें