गोताखोरों को निर्देशित करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। दशहरा पर्व पर गंगा स्नान करने आए पांच युवक डूब गए। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद सभी के शवों को बाहर निकाला। इसमें एक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर एएसपी मौके पर पहुंच गए।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बैजनाथ स्ट्रीट निवासी सौरभ (18) पुत्र संतोष बाथम मंगलवार को अपने चचेरे भाई गौरव पुत्र राजेंद्र के साथ गंगा नहाने गया था। इस दौरान सौरभ गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
गोताखोर और फ्लड कंपनी के लोग गंगा में उतरे। काफी मशक्कत के बाद सौरभ का शव निकाला। इसी तरह भागवत कथा के बाद पूजन सामग्री विसर्जित करने आए मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव नगला रामकिशन निवासी अर्जुन यादव (18) पुत्र श्यामसिंह यादव भी गंगा में डूब गए। गोताखोरोें ने इनका शव बाहर निकाला।
इस बीच गंगा में तीन अन्य युवकों के भी शव मिले। इन सभी शवों को लोहिया अस्पताल के शवगृह भेजवाया गया। जहां देर शाम दो शवों की शिनाख्त ऋषभ (17) पुत्र नंदराम जाटव और विशाल (16) पुत्र राजेंद्र जाटव निवासी भोपतपट्टी कोतवाली फर्रुखाबाद के रूप में हुई।
तीसरे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मामले की सूचना मिलने पर एएसपी अशोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर, एसडीएम अमृतपुर संतकुमार और शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा के अलावा काफी फोर्स मौके पर पहुंच गया।