फर्रुखाबाद। आठ दिन पहले हुई बाइक मैकेनिक की हत्या की गुत्थी उसके घर से दो तमंचे बरामद होने से उलझ गई है। छह नामजदों में से दो आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
पत्नी से पूछताछ के बाद बाइक मैकेनिक के घर से दो तमंचे बरामद हुए थे। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। इससे पुलिस ने हत्याकांड की नए सिरे से जांच शुरू की है। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी बाइक मैकेनिक नंदकिशोर (25) संकिसा में अंदाज कोल्ड स्टोरेज के सामने परिवार संग रह रहा था। 9 सितंबर की रात घर के दरवाजे पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता रक्षपाल ने गांव के सुग्रीव, सोबरन, सुनील, सौदान, श्यामू, अनार के खिलाफ रंजिशन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सुनील को छोड़कर सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपी अपने घरों में सोते हुए मिले थे।इसके बाद गुरुवार को सोबरन व सुग्रीव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तीन लोगों को छोड़ दिया था।
एसओ धर्वेंद्र कुमार मृतक की पत्नी अनुपम को घर से क्राइम ब्रांच के आफिस फतेहगढ़ लेकर आए और उससे कई घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर से दो तमंचे बरामद किए। सूत्रों के मुताबिक पत्नी अनुपम ने बताया कि पति ने दरवाजे पर आकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसने तमंचा घटना स्थल से उठाकर घर के अंदर छिपा दिया। एसओ धर्वेंद्र ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में नए सिरे से छानबीन की रही है।