फर्रुखाबाद जिले में डंपर की टक्कर से बरेली-इटावा हाईवे पर हरदोई के बाइक सवार युवक की मौत हो गई। चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जनपद हरदोई थाना सवायजपुर के गांव ललुआपुर निवासी राम गोपाल का पुत्र गौरव कुमार कश्यप (25) मंगलवार को फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नौगवां कैंट निवासी बहन ममता के घर रुपये देने आया था।
रात को आठ बजे बहनोई कमल कुमार से मिलने के बाद गौरव बाइक से घर वापस जा रहा था। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। बरेली-इटावा हाईवे पर गांव जैनापुर मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। पहिए के नीचे आने से गौरव की मौके पर मौत हो गई। चालक मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया। गौरव की जेब में मिले प्रपत्र देखकर परिजनों को उसके मोबाइल से सूचना दी। जानकारी पर मां सुखरानी देवी, पिता रामगोपाल, भाई सौरभ, रामतीर्थ, शिवशरण, पत्नी पूनम व बहन आरती, ममता, गोल्डी, लाली मौके पर पहुंची। वह दहाड़े मारकर रोने लगी। पुलिस ने पूनम की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। गौरव अपने पीछे दो बच्चे मन्नू व शालनी को छोड़ गया। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।