फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) 2025 का शुक्रवार को परिणाम घोषित किया गया। हाईस्कूल में सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज की छात्रा भाव्या पटेल 94.67 प्रतिशत अंक पाकर टॉपर रहीं। इंटरमीडिएट में 93 प्रतिशत अंक लाकर भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज महेशनगर मोहम्मदाबाद के छात्र अर्पित कुमार ने पहला स्थान पाया। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े। दसवीं कक्षा का 86.5 व 12वीं का 81.91 प्रतिशत रिजल्ट रहा।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सुबह से ही छात्र-छात्राओं में उत्साह था। दोपहर 12:30 बजते ही विद्यार्थियों व कॉलेज प्रशासन ने इंटरनेट पर रिजल्ट देखना शुरू कर दिया। कक्षा 10 में सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज की छात्रा चाहत सक्सेना ने 93.50 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में दूसरा प्राप्त किया। एसके इंटर कॉलेज मंझना की छात्रा सृष्टि 93.33 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। स्वराज वीर इंटर कॉलेज की छात्रा निहारिका वर्मा ने 92.83 प्रतिशत अंक लाकर चौथा स्थान पाया। कानौडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा शिवांगी सक्सेना, सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज की दीपांशु कुमार और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजेपुर की आराध्या राठौर संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। इन लोगों ने 92.50-92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इंटरमीडिएट में स्वराज वीर इंटर कॉलेज की छात्रा वाणी कटियार ने 91.80 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में दूसरा स्थान पाया। शक्ति सैनिक इंटर कॉलेज मौधा मोहम्मदाबाद की छात्रा शिखा 91 प्रतशित अंक के साथ तीसरे, स्वराज वीर इंटर कॉलेज कमालगंज के छात्र सचिन गुप्ता 90.80 प्रतिशत अंक लाकर चौथे स्थान पर रहे। सीपी विद्या निकेतन इंटर कॉलेज कायमगंज के छात्र रमन कुमार ने 90.20 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में पांचवां स्थान पाया है। डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जनपद में हाईस्कूल का रिजल्ट 86.5 व इंटरमीडिएट का रिजल्ट 81.91 प्रतिशत रहा।
जिला जेल का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 में जिला जेल फर्रुखाबाद का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में चार व इंटरमीडिएट में एक बंदी ने परीक्षा दी थी। परीक्षा देने वाले पांचों बंदी पास हुए हैं।
जीजीआईसी राजेपुर की दो छात्राओं ने जिला टॉपटेन में बनाई जगह
जनपद में दस राजकीय, 198 वित्तविहीन व 63 सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय हैं। वर्ष 2025 के रिजल्ट में एकमात्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजेपुर की दो छात्राएं ही टॉपटेन में जगह बना सकीं। इनमें कक्षा 10 की आराध्या राठौर ने जनपद में पांचवां व कक्षा 12 की छात्रा रिया राजपूत ने सातवां स्थान प्राप्त किया है। जीजीआईसी राजेपुर की प्रधानाचार्य ऋचा यादव ने बताया कि उनके स्कूल की दो छात्राओं ने टॉपटेन में जगह बनाई है। वर्ष 2024 की परीक्षा में स्कूल की तीन छात्राएं टॉपटेन में आई थीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सहयोग से उनके कॉलेज की छात्राएं निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति कर रही हैं।