कायमगंज। हलवाई का शव शुक्रवार को अमरूद के बाग में लटका मिला। परिजनों ने जुआ की हार जीत में हत्या की आशंका जताई है। शरीर पर चोटों के निशान देख पुलिस भी हत्या मान रही है। मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला चिलांका निवासी हलवाई जालेश्वर केपुत्र जयसरन का शव नग्नावस्था में सुबह पितौरा रोड पर सपा नेता अनवर जमाल खां के अमरूद के बाग में पेड़ से लटका मिला। सुबह शौच को गए ग्रामीणों ने शव लटका देखकर जालेश्वर के घर सूचना दी। मृतक के घुटनों पर घसीटे जाने के निशान थे। इससे जाहिर हो रहा था कि जयसरन को हत्या के बाद पेड़ से उसकी ही पैंट से लटकाया गया है।
घटना की सूचना पाकर कोतवाल रूम सिंह यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई। मृतक के भाई रामप्रकाश बाथम ने बताया कि गुरुवार देर रात तक वह मोहल्ले में ही घूम रहा था। उसके बाद वह गायब हो गया। जुआ की हार जीत में भाई की हत्या की आशंका जताई है। रामप्रकाश ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।