फुंके ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग कराते अधिशासी अभियंता।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। 33/11 सबस्टेशन पर लगे 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों में से एक ट्रांसफार्मर रविवार को फुंक गया। इस कारण तीन दिन तक आधे शहर में बिजली संकट रहेगा। शहरियों को एक ट्रांसफार्मर से ढाई से तीन घंटे शिफ्ट मेें बिजली सप्लाई दी जाएगी। नया ट्रांसफार्मर आने के बाद बिजली सप्लाई सुचारु हो पाएगी।
भोलेपुर बेवर रोड स्थित 33/11 फतेहगढ़ सबस्टेशन में 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। इससे फतेहगढ़, बेवर रोड, मिल्क डेयरी और डिवीजन फीडर से लगभग आधे शहर को बिजली सप्लाई होती है।
रविवार को 11:15 बजे फाल्ट आने से एक 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर दगा दे गया। जिससे तेल बाहर निकल गया। इसकी जानकारी मिलने पर एई राघवराम पांडेय, एसडीओ राहुल बाबू कटियार और एक्सईएन शहरी एसके शर्मा सबस्टेशन पहुंचे।
टेस्ट विभाग के अधिकारियों को बुलाकर ट्रांसफार्मर की जांच कराई। ट्रांसफार्मर खराब होने की पुष्टि होने पर इसकी जानकारी अधीक्षण अभियंता तारिक मतीन को दी गई। 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण रविवार को दिन भर आधे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
इसको बदलने में करीब तीन दिन का समय लगेगा। इस कारण तीन दिन तक आधे शहर में बिजली संकट छाया रहेगा। एक्सईएन शहरी एसके शर्मा ने बताया कि सबस्टेशन से चार फीडरों के माध्यम से बिजली सप्लाई दी जाती है।
ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण अब मिल्क डेयरी, डिवीजन फीडर को एक साथ 2.30 से 3 घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी। इसके बाद इन दोनों फीडरों की आपूर्ति बंद कर फतेहगढ़ फीडर और बेवर रोड फीडर से उपभोक्ताओं को 2.30 से 3 घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी। इमरजेंसी में यह रोस्टर बदला भी जा सकता है। यह समस्या नया ट्रांसफार्मर आने तक रहेगी।