मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। नगर पंचायत खिमसेपुर के सलेमपुर निवासी रामशरन के पुत्र रवि कुमार (35) की शुक्रवार सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई। नाती का शव देखते ही उसकी दादी फूलश्री (78) भी अचानक गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। एक साथ दो लोगों की मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पिता रामशरन ने बताया कि पुत्र रवि कुमार पिछले चार वर्षों से किडनी की बीमारी से पीड़ित था। वह नियमित डायलिसिस कराते थे। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें निजी वाहन से फर्रुखाबाद अस्पताल ले जा रहे थे। बघार नाला के पास रवि ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर लौट आए। सुबह करीब सात बजे फूलश्री ने जैसे ही नाती का शव देखा, वह गश खाकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनकी सांसें थम गईं। एक साथ दो मौतों से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी राखी समेत परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम संस्कार के लिए एक ही घर में दो अर्थियां एक साथ उठते देख हर आंख नम हो गई।
फोटो-41 फूलश्री। फाइल फोटो