सात दिन से हिरासत में लिए गए हत्यारोपी की पुलिस ने गिरफ्तारी दिखाकर हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक बहन से अवैध संबंधों के चलते 27 अक्तूबर को हत्यारोपी ने अपने बहनोई के साथ मिलकर दोस्त की हत्या कर शव अमृतपुर क्षेत्र में फेंक दिया था
।गौरतलब है कि 28 अक्तूबर को गांव असलानपुर थाना अमृतपुर स्थित चकरोड पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा था। गांव कोलासोता निवासी रणधीर सिंह ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी थी। रणधीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
3 नवंबर को पिता रामलोटन ने अज्ञात शव की शिनाख्त पुत्र विपिन कुमार निवासी मुड़गवां जिला शाहजहांपुर के रूप में की थी। रामलोटन ने गांव के ही आदेश कुमार के खिलाफ पुत्र विपिन की हत्या किए जाने का मुकदमा अमृतपुर थाने में दर्ज कराया था।
गुरुवार को पुलिस ने हत्यारोपी आदेश कुमार निवासी मुड़गवां थाना कांठ जिला शाहजहांपुर की गिरफ्तारी कुम्हरौर मोड़ से बाइक से जाते हुए दिखा दी। एसओ अजय कुमार चौहान ने विपिन की हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि विपिन के अवैध संबंध आदेश कुमार की बहन से हो गए
। आदेश 27 अक्तूबर को विपिन कुमार उर्फ कल्लू यादव को लेकर अपनी बहन निवासी बानगांव के यहां आया। यहां आदेश ने अपने बहनोई सतीश कुमार, इसके भाई सुधीर कुमार निवासी गांव कोरण थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर और सीपू निवासी बानगांव थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर के साथ मिलकर विपिन की अंगौछे से गला कसकर हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रकाश में आए तीनों लोगों के खिलाफ भी हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आदेश कुमार को जेल भेज दिया गया है।