शमसाबाद। ट्रक की टक्कर से परचून दुकानदार की मौत हो गई। दुकानदार दिल्ली जाने वाली बस की सवारियोंं की बुकिंग भी करता था। पुलिस ने दुकानदार के मोबाइल से पुत्र को घटना की जानकारी दी।
थाना क्षेत्र के गांव कुइंया खेड़ा निवासी अखिलेश गंगवार(60) की परचून की दुकान है। वह फर्रुखाबाद दिल्ली जाने वाली प्राइवेट बस पर सवारियों की बुकिंग भी करते थे। सवारियों को बस में बैठाकर प्रतिदिन रात को बरझाले तक जाते थे। मंगलवार की रात बस में सवारियां बैठाकर अखिलेश कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पपड़ी के सामने मुख्य मार्ग पर उतर गए।
फर्रुखाबाद की ओर से आर रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पहिए के नीचे आने से अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अखिलेश के मोबाइल से हरियाणा जनपद भिवानी में नौकरी कर रहे पुत्र राहुल को पिता के घायल होने की सूचना दी। राहुल ने चचेरे भाई ऋषभ को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को सीएचसी में रखवा दिया। ऋषभ ने इसकी सूचना अखिलेश के भाई कमलेश को दी। जानकारी पर कमलेश, जितेंद्र, पुत्री शिवा, आरजू् पत्नी आशादेवी मौके पर पहुंची। दहाड़े मारकर रोने पीटने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।