फोटो-14 डॉ. गुंजन अग्रवाल को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान करतीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल। स्रोत:
फर्रुखाबाद। शहर की बेटी डॉ. गुंजन अग्रवाल ने अध्यापन, शोध कार्यों व शैक्षिक नवाचार में उल्लेखनीय छाप छोड़ी है। उन्हें राज्यपाल ने उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया है।
डॉ. गुंजन अग्रवाल श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय अलीगढ़ में वाणिज्य विभाग की अध्यक्ष हैं। वह किराना बाजार फर्रुखाबाद निवासी डीएन कॉलेज फतेहगढ़ के वाणिज्य विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. भुवनेश अग्रवाल व सुधा अग्रवाल की बेटी हैं। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ में सोमवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं अनुसंधान कार्यों में विशेष योगदान पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवाजा। मां सुधा अग्रवाल ने बताया कि गुंजन शुरू से ही मेधावी रही है। उन्होंने एनएकेपी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद से माध्यमिक एवं डीएन कॉलेज फतेहगढ़ से स्नातक व परास्नातक किया। एमकॉम की परीक्षा में वह वर्ष 2000 में सीएसजेएम विश्वविद्यालय कानपुर की टॉपर रही थीं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।