फर्रुखाबाद। सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कलाकारों की कई दशकों से चली आ रही मांग अब पूरी होती दिख रही है। शासन ने नवदिया में राजकीय ऑडिटोरियम को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
निर्माण के लिए सीएनडीएस संस्था को नामित कर दिया है। कुछ महीने पहले फतेहगढ़ में जमीन भी तय कर दी गई थी। शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े कलाकार कई दशकों से शहर में ऑडिटोरियम बनवाने की मांग कर रहे थे। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने इसके लिए शासन को पत्र भेजकर राजकीय ऑडिटोरियम बनवाने के लिए स्वीकृति देने की मांग की।
उत्तर प्रदेश शासन की संयुक्त सचिव उमा द्विवेदी ने सोमवार को ऑडिटोरियम बनवाने की स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने संस्कृति निदेशालय के निदेशक को भेजे पत्र में कहा कि ऑडिटोरियम निर्माण के लिए सीएनडीएस संस्था को नामित कर दिया गया है। लिहाजा नामित की गई संस्था से शीघ्र ही आगणन तैयार कराकर शासन को भेजा जाए।
बता दें कि नगर पालिका और जिला प्रशासन के अफसरों ने फतेहगढ़ के नवदिया में खाली पड़ी जमीन की नापजोख की थी। उसी स्थान पर ऑडिटोरियम बनवाना तय किया गया था। सीएनडीएस के जेई रंजन चौरसिया ने बताया कि डीएम की ओर से भेजे गए प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिल गई है। उन्हें आज ही पत्र मिला है।
अब पूरी पत्रावली लेकर नगर पालिका, पर्यटन विभाग के अफसरों को साथ लेकर जमीन की नापजोख करके डिजाइन और एस्टीमेट तैयार करेंगे। इसके अलावा मिट्टी परीक्षण के नमूने भी लिए जाएंगे।