संवाद न्यूज एजेंसी
मोहम्मदाबाद। घर में घुसे चोरों ने तीन भाइयों के कमरों से लाखों मूल्य के सोने-चांदी के जेवर व नकदी पार कर दी। क्षेत्राधिकारी व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। 30 लाख की चोरी बताई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बीघामऊ के मजरा नगला गुलाब निवासी अवधेश शुक्रवार रात अपने घर के अहाते व पास में ही उनकी पत्नी मीना देवी तथा पुत्र ऋषि सो रहे थे। घर के छत पर छोटे भाई राजपाल की पत्नी रागिनी, सो रही थी। रात किसी समय चोर पड़ोस में धर्मेंद्र के खाली पड़े मकान की दीवार के सहारे अवधेश के घर की छत पर चढ़ आए।
जीने के रास्ते चोर घर के अंदर पहुंचे। चोर तीन कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोर बक्से में रखी नगदी व जेवर चोरी कर भाग गए। शनिवार को अवधेश सोकर उठे तो चोरी की जानकारी हुई। अवधेश यादव ने बताया कि शुक्रवार को उसके ससुर रामनाथ व साला विपिन नगला मलू में दावत में गए थे।
दावत खाने के बाद वह घर पर ही रुके थे। लगभग 12 बजे तक बातचीत होती रही। इसके बाद सभी सो गए। भाई राजपाल की पत्नी रागिनी जब सुबह पांच बजे नीचे आई तो उसने तीनों कमरे के ताले टूटे देखे। उसने अपने पति राजपाल व देवर अवधेश को सूचना दी। अवधेश ने प्रधान प्रमोद यादव को जानकारी दी।