फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर संटिंग करते वक्त मालगाड़ी की एक बोगी का पहिया पटरी से उतर गया। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात खाद की रैक उतारने के बाद उसकी जगह मक्का की रैक की लोडिंग होनी थी। इसीलिए एक रैक को मालगोदाम की 7 नंबर लाइन पर लगाया जा रहा था। तभी अचानक मालगाड़ी की एक बोगी के सभी पहिये मजार के सामने पटरी से उतर गए और तेज आवाज के साथ ट्रेन खड़ी हो गई। रात करीब 11 बजे एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) ने पहुंचकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 1:40 बजे लाइन सही की। स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र कुमार शाक्य ने बताया कि मालगाड़ी की बोगी पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही कंट्रोल को बताया गया। रात 1.40 बजे लाइन सही हो गई थी।
मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ट्रैक विभाग, कैरेज एंड वैगन, वाणिज्य, ऑपरेटिंग विभाग समेत अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने रात में ही अपनी रिपोर्ट तैयार की। इसमें बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बोगी में रॉड लगी हुई नहीं पाई गई। ट्रैक पर तिरपाल रखे थे। यूरिया की बोरी आने से हादसा हुआ है। इसमें वाणिज्य विभाग की गलती मानी गई है। वहीं तकनीकी सूत्रों के मुताबिक तिरपाल से कई टन वजनी बोगी पटरी से उतरना समझ में नहीं आ रहा। बताया जाता है कि जो रॉड गायब थी, उसका पिन टूट गया। बोगी के नीचे लगी मोटी रॉड पटरी पर आ गई होगी।