फर्रुखाबाद। चुनाव में वोटरों को लुभाने का सामान जब्त करने में दो थाना क्षेत्रों की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो गाड़ियों से शराब, मिठाई, शाल, 95 हजार रुपये सहित पांच लोगों को नशीला पाउडर के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव धंसुआ में प्रधान प्रत्याशी की ओर से मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब और रुपये बांटने के लिए भेजे गए थे। इनको लेकर दो युवक जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर 30 नवंबर की देर रात को फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह ने नलकूप कालोनी के पास दोनों युवकों को पकड़ शराब के क्वाटरों भरी एक प्लास्टिक की बोरी, तीन गत्ते और एक बैग बरामद किया।
एक ने अपना नाम शैलेंद्र सिंह चौहान निवासी, जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रुनी तो दूसरे युवक ने अपना नाम मंजेश कटियार निवासी शहर कोतवाली के गांव नरायनपुर का बताया। इनके पास से बरामद प्लास्टिक की बोरी में तोहफा मार्का देशी शराब के 95 क्वाटर और तीन गत्तों में 135 देशी शराब के क्वाटर बरामद हुए। शैलेंद्र सिंह के पास से 95905 रुपये और मंजेश कटियार के पास से 2380 रुपये और करीब आधा किलो नशीला पाउडर बरामद हुआ है। दोनों को अदालत में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है।
वहीं, मऊदरवाजा एसओ सुनील यादव को सूचना मिली कि एक बोलरो से वोटरों को शॉल और मिठाई के डिब्बे बंटने जा रहे हैं। हैवतपुर गढ़िया पर बोलेरो रुकवा तलाशी ली तो उसमें मिठाई के डिब्बे और शॉल मिलीं। गाड़ी में बैठे तीनों लोगों को पुलिस थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि ये डिब्बे प्रधान पद के प्रत्याशी ने वोटरों को देने के लिए भेजे हैं। मिठाई के डिब्बों पर चुनाव चिह्न कन्नी के स्टीकर लगे थे। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम अर्रापहाड़पुर निवासी जागेश्वर, गौरव और नवाबगंज के गांव मिल्किया निवासी अनिल जाटव बताया। दरोगा कन्हैयालाल ने सभी का चालान कर दिया और गाड़ी सीज कर दी। करीब 80 मिठाई के डिब्बे और 35-40 शॉल थीं।