फर्रुखाबाद। यूपी बोर्ड कार्यालय से बाबू बनकर पास कराने के नाम पर ठगी करने का प्रयास करने वाले का खाता संख्या और मोबाइल नंबर अभिभावक डीआईओएस व जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इससे ठग के खिलाफ कार्रवाई हो सके। इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव नीना श्रीवास्तव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को नजर रखने को कहा है। साथ ही ये भी कि किसी के माध्यम से मोबाइल व खाता संख्या उपलब्ध कराई जाती है, तो संबंधित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करें।
छात्र-छात्राओं के परिजनों के यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 में एक विषय में कुछ अंक से फेल होने की फोन पर जानकारी दी जा रही है। उन्हें खाता संख्या देकर पास करने के लिए रुपये डलवाने को कहा जा रहा है। मंगलवार को इस तरह का मामला सामने आया था। इसमें कालर ने खुद को बोर्ड कार्यालय बताकर एक छात्रा को पास कराने के लिए 4100 रुपयों की मांग की थी। इसी तरह के फोन कुछ और छात्रों के यहां पहुंचे थे।
प्रकरण की जानकारी होते ही माध्यमिक शिक्षा सचिव नीना श्रीवास्तव ने बुधवार को एक पत्र जारी किया है। इसमें कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 का मूल्यांकन कार्य लॉकडाउन के कारण स्थगित चल रहा है। फर्जी तरीके से छात्र-छात्राओं के परिजनों को फोन कर पास किए जाने को रुपये मांगे जा रहे हैं।
अगर किसी छात्र-छात्रा के पास किसी एक विषय में पास करने को मोबाइल पर फोन आता है और रुपये डालने के लिए खाता संख्या दी जाती है तो दोनों ही नंबर जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला प्रशासन को मुहैया कराएं। ताकि उस मोबाइल व खाता संख्या धारक के खिलाफ कार्रवाई हो सके।