फर्रुखाबाद। पीएम श्री विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। जिले के सात पीएम श्री विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रत्येक विद्यालय में पांच-पांच हजार रुपये से प्रशिक्षण के लिए सामग्री की खरीद भी होगी। अनुदेशक छात्राओं को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देंगे।
छात्राएं अपनी आत्मरक्षा खुद कर सकें, इसको लेकर सरकार प्रयासरत है। अब शासन ने पीएम श्री विद्यालयों में जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देने के आदेश दिए हैं। इसके लिए जनपद के सात पीएम श्री स्कूलों का चयन किया गया है। सामग्री खरीद के लिए 35 हजार का बजट भी शासन ने भेज दिया है। प्रत्येक विद्यालय में पांच-पांच हजार रुपये की लागत से सामग्री की खरीद की जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने सामग्री की खरीद कर जूडो-कराटे का प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को दिए हैं।
इन विद्यालयों में सिखाया जाएगा जूडो-कराटे
ब्लॉक बढ़पुर क्षेत्र के कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल हुसैनपुर नौखंडा, ब्लॉक नवाबगंज के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय इज्जौर व ब्लॉक कमालगंज क्षेत्र के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय झसी समेत सात पीएम श्री विद्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पीएम श्री विद्यालयों में जूडो-कराटे सिखाए जाने के निर्देश मिले हैं। सामग्री खरीद के लिए 35 हजार की लिमिट जारी की गई है। चयनित पीएम श्री विद्यालयों में धनराशि भेजना शुरू हो गया है। - गौतम प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी।