फर्रुखाबाद। अज्ञात वाहन की टक्कर से बालिका की मौत हो गई। बालिका पड़ोस के भाई को राखी बांधने के लिए बाहर खड़ी थी।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी राजू बाल्मीकि मजदूरी करता है। उसकी दो वर्ष की पुत्री गुड़िया सोमवार को लगभग चार बजे पड़ोस के भाई को राखी बांधने के लिए परिजनों के साथ जा रही थी। गुड़िया अकेले घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। उसी दौरान तेजी से आए अज्ञात वाहन ने गुड़िया के टक्कर मार दी। चालक वाहन को तेजी से भगा ले गया। चीख सुनकर परिजन बाहर निकले। घायल गुड़िया को सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टर ने गुड़िया को मृत घोषित कर दिया।
परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। मां अंजली, बहन सिमरन, आर्या व पिता राजूृ का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ नवीन सिंह ने बताया तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।