फर्रुखाबाद। बाढ़ आने के बाद पालतू बैल को छोड़ने पर कुछ किसानों की शिकायत के बाद पकड़ने गए भाइयों को बैल ने पटक-पटक कर अधमरा कर दिया। बैल ने उन्हें गहरे पानी में फेंक दिया। बमुश्किल लोगों ने बचाकर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।
राजेपुर थाने के गांव गौटिया पश्चिम निवासी महेंद्र राजपूत (30) गांव में बाढ़ के बाद कुछ दिनों से परिवार के ही तीसराम की मड़ैया निवासी राजेंद्र (50) के घर रहने लगे। महेंद्र ने चारे की समस्या खड़ी होने से परेशान होकर अपना पालतू बैल छोड़ दिया। तीसराम की मड़ैया से कुछ दूरी पर किसानों ने खेत में नुकसान करने की शिकायत की।
मंगलवार दोपहर दोनों भाई बैल को पकड़ने पहुंचे। पास में पहुंचते ही बैल ने हमला बोल दिया। दोनों को पटक पटक कर गहरे पानी में फेंक दिया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे मोहित, अमिताभ, शेर सिंह आदि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से बचाकर दोनों को पानी से बाहर निकाल कर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया है।