फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी व सांसद ने संविदा पर चयनित आयुुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देकर दिवाली का तोहफा दिया। जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग में पिछले दिनों एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति के बाद संविदा पर ही आयुष डॉक्टरों के चयन प्रक्रिया की कमान जिलाधिकारी ने अपने हाथों में ही रखी। पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर कमेटी ने चयन किया। दिवाली पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत रहें, इसके लिए जिलाधिकारी व भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने नव चयनित 12 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
डीएम व सांसद ने डॉक्टरों से पूछा किसकी सिफारिश पर चयन हुआ और कितना खर्च हुआ, इस पर डॉक्टरों ने ना में जवाब दिया। डीएम ने कहा कि योग्यता के आधार पर सफलता मिली तो अब इस योग्यता और लगन का उपयोग मरीजों के हित में होना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन एसीएमओ डॉ.रंजन गाैतम ने किया। एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी अंबरीश बाजपेई, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, डीपीएम कंचन बाला आदि मौजूद रहे।
इन डॉक्टरों की हुई नियुक्ति
जिलाधिकारी ने 12 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटे। इनमें डॉ.अपूर्वा शुक्ला, डॉ.क्षमा, डॉ.भरत नामदेव, डॉ.शुभ्रा, डॉ.प्रबल शाक्य, डॉ.अजीत कुमार सिंह, डॉ.शुभम चित्रांश, डॉ.प्रियंका राजपूत, डॉ.सुमित सिंह, डॉ.प्रियांक, डॉ.अनुपम, डॉ.आरती देवी शामिल हैं। कार्यक्रम में परिजन भी शामिल हुए।