टीका लगवाने को मची मार, सामाजिक दूरी दरकिनार
कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर सोमवार को टीका लगवाने आए लोग कमरे के बाहर धक्का-मुक्की करते रहे। भीड़ लगने से सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो सका। अधिकतर लोग मास्क भी नहीं पहने थे। दवा लेने आए मरीजों को भी काफी परेशानी हुई।
कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए वैक्सीन को सुरक्षा कवच माना गया है। टीका लगवाने के लिए सीएचसी पर सोमवार सुबह से ही कमरे के बाहर लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। एक ही कक्ष में 18 से 44 और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीके लग रहे हैं। इससे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोग जल्दी टीका लगवाने के लिए धक्कामुक्की करते रहे।
भीड़ लगी होने से औषधि वितरण कक्ष में दवा लेने आए मरीजों को भी काफी परेशानी हुई। वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों ने कहा कि एक ही कमरे में टीकाकरण होने से काफी समस्या हो रही है। यहां शाम पांच बजे तक 307 लोगों को टीका लगाया गया।