फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रहे ओपन स्टेट आमंत्रण महिला सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले को जीतकर गौतमबुद्ध नगर व मिर्जापुर की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा।
मुख्य अतिथि सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले मैच में गौतमबुद्ध नगर ने फिरोजाबाद की टीम को आसानी से 13 अंकों से हरा दिया। आगरा ने भी 16 अंक से बांदा की टीम को पराजित किया। बांदा व अलीगढ़ और मिर्जापुर व गौतमबुद्ध नगर की टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए, जिसमें आगरा व अलीगढ़ ने तीन-तीन अंक से जीत दर्ज की।
फर्रुखाबाद ने फिरोजाबाद व आगरा ने कन्नौज को पराजित किया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला आगरा व गौतम बुद्ध नगर के बीच हुआ। कड़े मुकाबले में गौतम बुद्ध नगर की टीम ने छह अंक से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल मैच बांदा और मिर्जापुर के बीच खेला गया। मिर्जापुर ने बांदा को 36 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक की भूमिका कुलदीप यादव, सुरेश कुमार सिंह, मोहम्मद अकरम, अजय गुप्ता, राजश्री, सुरजीत कुमार और गोपी यादव ने निभाई।
इस अवसर पर कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, अजय प्रताप सिंह, संजीव कटियार, जितेंद्र कुमार, वैभव सोमवंशी, मनोज कुमार, सपना यादव व योगेश शुक्ल आदि रहे।