फर्रुखाबाद। गैंगस्टर के आरोपी बार के पूर्व महासचिव संजीव पारिया के कन्नौज स्थित स्कूल की नापजोख की गई। ऐसे में उनकी व परिजनों की मुश्किलें थमती नजर नहीं आ रही हैं। पुलिस व प्रशासन अभी तक संजीव पारिया व उनके परिजनों की 36.55 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर चुका है।
फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह ने कैंट निवासी बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजीव पारिया(शहजहांपुर जेल में बंद), मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ अनुपम दुबे (मथुरा जेल में सजा काट रहे), कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी वकील शिव प्रताप उर्फ चीनू (जिला जेल फतेहगढ़ में बंद) के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया कि गैंगलीडर संजीव पारिया की अगुवाई में यह लोग आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर धन अर्जित कर रहे हैं।
मुकदमे की विवेचना मऊदरवाजा एसओ अमित गंगवार कर रहे हैं। डीएम डॉ वीके सिंह ने बीस मार्च को संजीव पारिया की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे। पुलिस व प्रशासन ने शहर, कमालगंज व अमृतपुर तहसील क्षेत्र में संजीव पारिया की 36.55 करोड़ की चल अचल संपत्ति कुर्क कर ली।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि संजीव पारिया व उनके परिजनों की अन्य संपत्तियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। शनिवार को संजीव पारिया के कन्नौज स्थित स्कूल की भूमि की नाप जोख कर जांच पड़ताल की गई।