शमसाबाद। बाढ़ क्षेत्र के गांव समैचीपुर में गंगा का कटान फिलहाल थमने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि गांव के संपर्क मार्गों पर अब भी बाढ़ का पानी भरा होने से आवागमन की मुश्किलें बरकरार हैं। ग्रामीणों को बाजार और जरूरी कामों के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीण नाव से ढाई घाट रोड तक पहुंचते हैं। इसके बाद ही सड़क मार्ग से आगे का सफर कर पा रहे हैं। जलभराव के कारण पैदल चलना और दोपहिया वाहन निकालना मुश्किल है। आसपास के क्षेत्रों में भी पानी कम नहीं होने से गांव का संपर्क प्रभावित है। ग्रामीणों ने बताया कि जरूरी सामान खरीदने या अन्य कार्यों से बाहर जाने के लिए नाव ही एकमात्र सुविधाजनक साधन बचा है। उनका कहना है कि पानी घटने और रास्ते बहाल होने में अभी कई दिन लग सकते हैं। तब तक नाव के सहारे ही आवागमन करना पड़ेगा। संवाद