पतित पावनी गंगा के तट पर मेला श्री रामनगरिया में कल्पवासी अध्यात्मिक रंग
में सराबोर हैं। यह रंग दिनोंदिन गहराता जा रहा है। साधु-संत भी साधना के
साथ ज्ञान की अविरल धारा प्रवाहित कर रहे हैं। गंगा और ज्ञान गंगा के इस
अनूठे संगम में लोग गोते लगाकर अपने आप को कृतार्थ कर रहे हैं।
पूरा
क्षेत्र गंगा मइया के जयकारों से गुंजायमान है। यहां पंडा, पुजारी लोगों को
कल्पवासियों के भाव के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराते दिखाई देते हैं। वहीं
दूसरी ओर मेला क्षेत्र में भ्रमण करने वाले लोगों के लिए बुनियादी
सुविधाओं से लेकर खाने-पीने तक की दुकानें लगने लगी हैं। लोग स्नान, ध्यान
के साथ परिवार समेत खरीददारी करने में मशगूल दिखाई देते हैं
तो वहीं बच्चे
मेला क्षेत्र में लगे तमाम प्रकार के झूलों का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
छातावाले आश्रम के कथा वाचक वीरबहादुर शास्त्री ने बिजली व्यवस्था पर रोष
जताया। वहीं एलोपैथिक चिकित्सक अभी भी अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ
हैं। हालांकि प्रशासन 14 जनवरी मकर संक्रांति को होने वाले दूसरे शाही
स्नान को लेकर तैयारियों में जुट गया है।
कई क्षेत्रों में अंधेरा
मेला
इलाके में बिजली की समस्या है। कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां बिजली की
व्यवस्था नहीं हो सकी है। छातावाले स्वामी आश्रम के कथावाचक वीरबहादुर
शास्त्री ने कहा कि उनके क्षेत्र में अभी भी बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं
है। कई स्थानों पर अंधेरा है। उन्होंने बताया कि मेला प्रशासन से कई बार
गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
60 मेें मिले 14 सफाईकर्मी
मेला
क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने जिला पंचायत
राज विभाग से 60 सफाई कर्मचारियों की मांग की थी। इसमें से मात्र अभी तक 14
ही सफाई कर्मचारियों ने कार्यभार संभाला है। सफाई कर्मचारी कम होने से
मेला क्षेत्र व कल्पवास क्षेत्र की सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। मेला प्रभारी
संदीप दीक्षित ने कहा कि इस समस्या से जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया
है।
मेला क्षेत्र में बनेंगे आधारकार्ड
मेला सचिव के
कार्यालय में लोगों को आधारकार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मेला सचिव
सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि लोगों के आधारकार्ड बनाने के लिए
कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। यहां लोग अपना आधारकार्ड बनवा सकते
हैं।
होमगार्डों ने करा दी आमद
मेला शुरू हुए लगभग एक सप्ताह
बीतने जा रहा है। मेला क्षेत्र में शुरुआत में ही होमगार्डों की तैनाती की
गई थी लेकिन अपरिहार्य कारणों से होमगार्डों ने गुरुवार तक अपनी आमद दर्ज
नहीं कराई थी। पीआरडी के जवान ही मेला क्षेत्र में तैनात थे। कोतवाली
प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि 174 होमगार्डों ने आमद दर्ज करा दी
है। यह लोग मेला क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था स्थापित करने में
सहयोग प्रदान करेंगे।