अमृतपुर। गंगा में पानी कम होने के बाद भी जलस्तर चेतावनी बिंदु से ज्यादा है। इससे लोगों की मुसीबतें कम नहीं हुई हैं। शुक्रवार को तीन गांवों की बिजली काट दी गई। वहीं रामगंगा का जलस्तर में 35 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। तीन गांवों में अभी भी पानी भरा है।
नरौरा बांध के पानी कम मात्रा में छोड़े जाने से जलस्तर घटने लगा है। शुक्रवार को 41 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे अब जलस्तर बढ़ने की आशंका नहीं है। गुरुवार को जलस्तर 136.70 मीटर से घटकर 136.65 मीटर पर पहुंच गया। चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर है। वहीं रामगंगा का जलस्तर 134.10 मीटर से बढ़कर 134.45 मीटर पर पहुंच गया। वहीं गांव हरसिंहपुर कायस्थ में दिक्कतें कम नहीं हुई हैं।
वहां अभी भी घरों में पानी भरा है। रास्ते में पानी भरा होने से आवागमन नाव से हो रहा है। गंगा में तेज बहाव से कटान जारी है। तीसराम की मड़ैया, जोगराजपुर रामपुर, फुलाह कालिका नगला, माखन नगला, सुंदरपुर, नगला दुर्गू आदि गांवों पानी से घिरे हैं। इन गांव के खेतों में खड़ी मक्का, मेंथा आदि की फसलें खराब हो रही हैं।
गांव मुंशी नगला, भगवानपुर, फुलहा गांव में पानी भरा है। एसडीओ के निर्देश पर अवर अभियंता ने तीनों गांवों की बिजली कटवा दी है। इससे वहां के लोगों के सामने मोबाइल आदि चार्ज करने की समस्या है। अवर अभियंता सतेंद्र सिंह ने बताया कि अमृतपुर विद्युत उपकेंद्र के चपरा फीडर से इन गांवों को बिजली दी जाती है। बाढ़ आने से गांव में पानी भर गया, इससे बिजली काटी गई है।
कायमगंज। प्रशासन दो दिन में पानी का बहाव कम होने की उम्मीद जता रहा है। वैसे भी कायमगंज क्षेत्र के गांव कुआंखेड़ा, गंडुआ, अलीगढ़, खजुरिया, सिनौली, पचरौली आदि गांव से पानी अभी दूर है। नरौरा बैराज से तीन दिन पहले छोड़े गए पानी से गंगा किनारे की गन्ना आदि की फसल डूब गई थी। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया दो दिन में गंगा का जलस्तर काफी कम हो जाएगा। फिलहाल जो पहले पानी छोड़ा गया था, इस क्षेत्र में वही पानी बह रहा है। नरौरा बांध से पानी का बहाव काफी कम हो गया है।(संवाद)
शमसाबाद। क्षेत्र के गांव कमथरी में रास्ते पर पानी भरा होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। वहां के लोग बैलगाड़ी से रास्ता पार कर रहे हैं। गांव के पास गंगा कटान भी कर रही हैं। इससे ग्रामीण और चिंतित हैं।(संवाद)