हरसिंहपुर कायस्थ में गंगा की तेज धार से होता कटान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
अमृतपुर। जलस्तर बढ़ने से गंगा की धार तेज हो गई है। इससे तटवर्ती सात गांवों में कटान तेजी से शुरू हो गया है। हरसिंहपुर कायस्थ में गांव की ओर कटान होने से गांव के लोग परेशान हैं। छह ग्रामीणों के आवासों से कुछ दूरी पर कटान हो रही है।
नौरारा बांध से पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ गया है। इससे तटवर्ती गांव तीसराम की मड़ैया, ऊगरपुर, भाऊपुर चौरासी, कुड़री सारंगपुर, जोगराजपुर, करनपुर घाट के खेतों की कटान तेजी से होने लगी है।
जिन किसानों के खेत कट कर गंगा में समा रहे हैं, वे परेशान हैं। हरसिंहपुर कायस्थ गांव की ओर गंगा कटान कर रही है। ग्रामीण रामबक्स, रामभजन, सुधीर, नरेंद्र कुमार, मनोज, हरिराम के मकान से कुछ दूरी पर कटान हो रही है।
इसी प्रकार कटान जारी रही तो इन ग्रामीणों को खुद ही अपने मकानों को तोड़कर दूसरी जगह शरण लेनी होगी। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का जलस्तर जब भी बढ़ता है कटान शुरू हो जाती है। अफसरों से इस कटान से निजात दिलाने को कई बार गुहार लगाई गई।
अफसरों की अनदेखी से गांव के कटने का डर बना है। एक्सईएन सिंचाई सुशील कुमार ने बताया कि बांध से पानी कुछ ज्यादा छोड़े जाने से जलस्तर में हल्की वृद्धि हुई है।