गांव अलादपुर भटौली में कटान करतीं रामगंगा। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
अमृतपुर। गंगा का जलस्तर सोमवार को 25 सेंटीमीटर बढ़कर 136.30 मीटर पर पहुंच गया है। नरौरा बांध से 89530 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। वहीं ब्लो गेज में चल रहीं रामगंगा का जलस्तर 134.35 मीटर पर पहुंच गया।
गंगा का चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर, जबकि खतरे निशान 137.10 मीटर पर है। गंगा में लगातार पानी छोड़े जाने से जलस्तर पर बढ़ता जा रहा है। सोमवार को गंगा जलस्तर बढ़कर 136.30 मीटर पर पहुंच गया जो चेतावनी बिंदु के मात्र 30 सेमी नीचे है। नरौरा बांध से 89530 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे मंगलवार को गंगा का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। वहीं, रामगंगा अब तक ब्लो गेज में चल रही थीं। कालागढ़, खो हरेली बैराज से पानी छोड़े जाने से रामगंगा का भी जलस्तर बढ़कर 134.35 मीटर पर पहुंच गया। इससे गांव अहलादपुर भटौली व कोलासोता में कटान शुरू हो गया है। रामगंगा में 3644 क्यूसेेक पानी और छोड़ा गया है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव मंझा पानी से घिर गया और रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीण आने-जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। इसके अलावा गांव ऊगरपुर व हरसिंहपुर कायस्थ के किनारे तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। इसी तरह जलस्तर पर बढ़ा तो गांव में पानी घुसने में अधिक दिन नहीं लगेंगे। इन गांव के खेतों में कटान भी तेजी से जारी है। गांव तीसराम की मड़ैया, चाचूपुर,, कंचनपुर सबलपुर, भाऊपुर चौरासी, लायकपुर, नगरिया जवाहर, कुड़री सारंगपुर के खेतों में भी कटान हो रहा है। जलस्तर बढ़ने से कटान की रफ्तार धीमी हो गई है। लगातार जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है।