फर्रुखाबाद। शहर में लगवाए जा रहे 10 नलकूप (मिनी बोरिंग) में कार्यदायी संस्था गड़बड़ी कर रही है। 300 की जगह 220 फीट की पाइप लगाए जा रहे हैं। लोगों की शिकायत पर ईओ ने कार्यदायी संस्था को मानक के अनुसार कार्य न कराने पर काली सूची में डालने की चेतावनी दी है। जिम्मेदार जेई को भी नोटिस दिया गया है।
शहर में कई मोहल्लों में पेयजल की समस्या है। इसे देखते हुए जिलास्तरीय समिति ने 10 मिनी नलकूप लगवाने की स्वीकृति दी थी। नगर पालिका ने बोरिंग का काम बजरिया की अर्थव इंटरप्राइजेज को दिया था। एस्टीमेट 90 मीटर (300 फीट) बोरिंग करने का है लेकिन कार्यदायी संस्था ने सधवाड़ा में 220 फीट ही बोरिंग की है।
मोहल्ले वालों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इसके बाद ईओ नगर पालिका रविंद्र कुमार ने कार्यदायी संस्था अर्थव इंटरप्राइजेज को नोटिस जारी किया। इसमें कहा कि बोरिंग एस्टीमेट के अनुसार न कराने पर संस्था को ब्लैकलिस्टड करने की चेतावनी दी गई थी। संस्था कोटा पार्चा, कोतवाली गेट, मनिहारी और शमशेर खानी में भी बोरिंग करा चुकी है। इन बोरिंग में भी मानकों का पालन न होने का आरोप है।
कोतवाली के सामने वाली बोरिंग ने तो सफाई के समय ही पानी छोड़ दिया था। बोरिंगों के चारों ओर बेरीकेटिंग भी नहीं कराई जा रही है। इससे हादसा भी हो सकता है। एस्टीमेट के अनुसार काम न कराने पर जेई जलकल गौरव मिश्रा से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
वर्जन
सधवाड़ा की बोरिंग एस्टीमेट के अनुसार न कराने की शिकायत मिली थी। बोरिंगों के चारों तरफ बेरीकेटिंग भी नहीं की गई है। संस्था को नोटिस जारी कर काम मानक के अनुरूप करने के निर्देश दिये हैं। अगर मानक के अनुसार काम नहीं कराया तो ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। जिम्मेदार जेई जलकल से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। - रविंद्र कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद।