फर्रुखाबाद। नलकूप विभाग में छह फर्जी कर्मचारियों के नाम से वेतन निकालकर 16.26 लाख रुपये का गबन किया गया। मामले में अधिशासी अभियंता ने वरिष्ठ लिपिक व कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अधिशासी अभियंता (नलकूप) अनिल कुमार सिंह ने कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक नलकूप कालोनी निवासी मनोज कुमार, फतेहगढ़ के मोहल्ला तलैया लेन निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर फैजान अली के खिलाफ सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन बनाने का काम मनोज कुमार करता है।
लिपिक छह फर्जी कर्मियों के नाम वेतन बिल में लिखकर धोखे में हस्ताक्षर कराकर सात माह तक वेतन निकालता रहा। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग के कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर फैजान अली ने भी लिपिक का सहयोग किया। दोनों ने धोखाधड़ी कर 16.26 लाख रुपये सरकारी धन का गबन किया है। मुकदमे की जांच इंस्पेक्टर क्राइम कमलेश कुमार को मिली है।