फर्रुखाबाद। जनपद की छह ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 1.06 करोड़ रुपये की धनराशि स्थानांतरित कर दी गई। शनिवार को डीपीआरओ ने प्रधानों के साथ बैठक कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए।
गंगा के तटवर्ती व जिले के दूरस्थ गांवों में लोगों को शव के अंतिम संस्कार के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए गांव में ही अंत्येष्टि स्थल स्वीकृत किए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर चयन से पहले बीडीओ के माध्यम से सत्यापन कराया गया। जिन गांवों में वास्तव में उस स्थान पर अंतिम संस्कार होते रहे, वहीं अंत्येष्टि स्थल की स्वीकृति दी गई।
चयनित ग्राम पंचायतों में ब्लॉक राजेपुर की ग्राम पंचायत कुड़री सारंगपुर, सबासी, कमालगंज में कुम्हौली, मोहम्मदाबाद में ज्योता, नवाबगंज में कुरार व शमशाबाद की ग्राम पंचायत अज़ीज़ाबाद शामिल है। डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को अपने कार्यालय में बुलाकर बैठक की। (संवाद)
30 तक खर्च करें धनराशि : सीडीओ
फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने शनिवार शाम वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से 15वें वित्त व राज्य वित्त आयोग की शेष धनराशि की समीक्षा की। उन्होंने सभी बीडीओ, एडीओ, डीपीएम, डीसी, खंड प्रेरक व डीपीआरओ 30 सितंबर तक 15वें वित्त व राज्य वित्त की धनराशि विकास कार्यों में खर्च करने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने बताया कि जनपद में 15वें वित्त की 1.11 करोड़ व राज्य वित्त की 43 लाख रुपये धनराशि शेष है। 30 सितंबर तक धनराशि खर्च न कर पाने वाले सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)