फर्रुखाबाद। पांचालघाट पुल की मरम्मत के चलते आज से भारी वाहनों के निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था 31 मार्च तक लागू रहेगी। इस दौरान छोटे वाहनों को ही पुल से गुजरने की अनुमति रहेगी। पहले यह काम रविवार से शुरू होना था लेकिन कार्य न होने से बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन भी बेअसर रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी पर पांचालघाट स्थित गंगा के जर्जर पुल की मरम्मत के लिए दो मार्च से 31 मार्च तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। एनएचएआई द्वारा रविवार से मरम्मत कार्य शुरू किया जाना था। लापरवाही के चलते रविवार को पहले दिन ही पुल की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे भारी वाहनों का रूट डायवर्जन भी बेअसर दिखा।
गंंगा पुल से ट्रक, बस आदि भारी वाहन सीधे फर्राटा भरते हुए निकलते रहे। भारी वाहनों को कहीं भी दूसरे मार्ग पर मोड़ने के लिए रोका भी नहीं गया। तैयारी के नाम पर रूट डायवर्जन के लिए संकेतक बोर्ड लगाने का दिन भर काम चलता रहा। यदि इसी तरह काम में लापरवाही हुई तो 31 मार्च तक निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूरा कराना चुनौती बन जाएगा।
-
इन वाहनों को पुल से निकलने की छूट
पांचालघाट पुल की मरम्मत के लिए 31 मार्च तक बड़े वाहन ट्रक, बस आदि का रूट डायवर्ट किया गया है। हालांकि मरम्मत कार्य के दौरान छोटे वाहन बाइक, कार, स्कूल बस, टैक्सी, एंबुलेंस सीधे पुल से होकर निकलते रहेंगे। आलू लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली, खाद आदि से भरे वाहनों को प्रातः चार बजे से सुबह 8 बजे तक ले जाने की अनुमति दी गई है।
-
अब पुल से नहीं निकलेंगे भारी वाहन
एनएचएआई के साइट इंजीनियर विश्वास मिश्र ने बताया कि रविवार को रूट डायवर्जन के लिए सभी स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाने का काम चलता रहा। वाहन चालकों को इसकी जानकारी देने के लिए 10 प्रमुख स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। जिनमें रोहिला चौराहा, बघार तिराहा, बहोरिकपुर चौराहा, शमसाबाद, नवाबगंज, राजेपुर, जमापुर मोड़, डबरी मोड़ आदि स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगा दिए गए हैं। सोमवार सुबह से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू होगा। इससे भारी वाहनों का पुल से निकलना पूरी तरह बंद रहेगा।
हरदोई, बरेली, शाहजहांपुर की बसें होंगी प्रभावित
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट गंगा पुल मरम्मत के लिए बंद होने के बाद सबसे बुरा असर हरदोई, बरेली और शाहजहांपुर डिपो पर पड़़ेगा। स्थानीय बस अड्डा पर रोजाना हरदोई की 15, शाहजहांपुर और बरेली की 20-20 बसें आती हैं। इसके अलावा फर्रुखाबाद डिपो की बरेली तीन, लखनऊ दो और हरदोई के लिए चलने वाली पांच बसें बंद कर दी जाएंगी। अन्य डिपो की बसों को पांचाल घाट अस्थाई बस अड्डे से चलाने की तैयारी है। कानपुर-हरिद्वार-देहरादून रूट पर चलने वाली बसों को शमसाबाद, ढाईघाट होकर चलाने की तैयारी है। (संवाद)
-
रूट डायवर्जन के आदेशों का रविवार रात 12 बजे के बाद सख्ती से पालन कराया जाएगा। पहले दिन रविवार को प्रचार-प्रसार कम होने की वजह से सख्ती नहीं की गई। सोमवार से पांचाल घाट पुल की मरम्मत का काम विधिवत शुरू होने से 31 मार्च तक रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। - सुभाष चंद्र प्रजापति, अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद