अस्पताल के बाहर मौजूद राजीव के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
जहानगंज थाना क्षेत्र के रुनी चुरसई गांव में जहरीला पदार्थ खाने से प्रेमिका की मौत हो गई, जबकि प्रेमी को गंभीरावस्था में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। युवती बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी, जबकि युवक ट्रैक्टर चलाता है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के रुनी चुरसई गांव निवासी विद्यावती (18) और इसी गांव के राजीव (20) के बीच प्रेम संबंध था। दोनों शादी कर घर बसाना चाहते थे। राजीव ने यह बात अपने पिता को बताई तो उन्होंने अपनी ही गांव की बेटी होने का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया। रविवार को दोनों गायब हो गए तो विद्यावती के भाई ने थाने में सूचना भी दी।
सोमवार सुबह दोनों ने गांव के पास खेत में जहरीला पदार्थ खा लिया। विद्यावती के बेहोश होने पर राजीव घर आया और कमरे में सो गया। कुछ देर बाद विद्यावती के खेत में पड़े होने की जानकारी मिलने पर उसके परिजन जहानगंज स्थित निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सक ने रेफर कर दिया।
इसके बाद उसे मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद पता चला कि राजीव भी कमरे में बेहोश पड़ा है। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। फिलहाल उसे आईसीयू में रखा गया है।
जहानगंज थानाध्यक्ष प्रदीप यादव ने अस्पताल पहुंच पर परिजनों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष के मुताबिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दोनों में प्रेम संबंध था, जिसका परिजन विरोध करते थे। इसी वजह से दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।