बुद्ध महोत्सव में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व सासंद मुकेश राजपूत
- फोटो : अमर उजाला
बुद्ध विहार प्रांगण में आयोजित बुद्ध महोत्सव में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि संकिसा की ऐतिहासिक धरती पर भगवान बुद्ध ने स्वर्गावतरण किया। चीन, जापान, श्रीलंका और वर्मा समेत 49 देशों का राष्ट्रीय धर्म बौद्ध है। चौकी से लेकर चौका तक बुद्ध के रास्ते पर चलेंगे। बुद्ध ने मानव-मानव एक समान का संदेश दिया। यह कार्यक्रम बौद्ध धर्मावलंबियों का है।
मंगलवार को आयोजित दो दिवसीय बुद्ध महोत्सव कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आना था। पर वह किसी कारण से नहीं आ सके। शाम करीब 7.45 बजे कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इससे पहले अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती और अगरबत्ती जलाकर बुद्ध महोत्सव का शुभारंभ किया। भंते नागसेन और भंते धम्मपाल ने बुद्ध वंदना प्रस्तुत की। इटावा से विवेक शाक्य के नेतृत्व में आई धम्म यात्रा का स्वागत किया गया। सांसद मुकेश राजपूत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्मवीर शाक्य और संचालन नागेंद्र सिंह शाक्य ने किया। डॉ. नवल किशोर शाक्य, रामरतनलाल शाक्य, रामरतन सिंह, सरिता शाक्य, अवनीश शाक्य, प्रधान मिथुन शाक्य, रामऔतार शाक्य, राजन शाक्य, प्रवेश शाक्य, भंते बुद्ध रत्न और नरेंद्र शाक्य आदि रहे।
धरी रह गईं सारी व्यवस्थाएं
बुद्ध महोत्सव में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भाग लेना था। इसके लिए दो दिन पहले ही जिले के प्रशासनिक अफसरों ने संकिसा में डेरा डाल लिया था। संकिसा स्थित मंडी परिसर में हैलीपैड बनाया गया था। यहां पर भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात था। इसके साथ ही अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, लेकिन दोपहर बाद डिप्टी सीएम का कार्यक्रम निरस्त होने से व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गईं। कार्यक्रम आयोजक भी मायूस हो गए। ब्यूरो