इंजन फेल होने से क्रासिंग पर खड़ी मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरामपुर स्थित 154बी क्रासिंग पर मालगाड़ी का इंजन फेल होने से क्रासिंग करीब एक घंटा बंद रही। इससे जाम लग गया। भाजपा के कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री समेत अन्य मंत्रियों के आने का समय नजदीक देख पुलिस के पसीने छूट गए।
सीओ सिटी ने मौके पर पहुंच जाम में फंसे वाहनों को ठंडी सड़क से रवाना किया। इंजन फेल होने की वजह से टाटा-छपरा एक्सप्रेस भी लगभग एक घंटे फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
सोमवार दोपहर लगभग 11.55 बजे 55325 फर्रुखाबाद-कानपुर पैसेंजर ट्रेन कानपुर के लिए रवाना हुई।
इसको लेकर देवरामपुर स्थित 154बी क्रासिंग को बंद किया गया। इस ट्रेन के गुजरने के बाद मालगाड़ी फतेहगढ़ के लिए रवाना की गई। मालगाड़ी जैसे ही देवरामपुर क्रासिंग के पास पहुंची तभी उसका इंजन फेल हो गया। क्रासिंग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
नवभारत सभा भवन में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में मंत्रियों के आने के चलते सीओ सिटी लेखराज और कोतवाल देवेंद्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को ठंडी सड़क से गुजारा। मालगाड़ी का इंजन फेल होने से टाटा-छपरा एक्सप्रेस फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
करीब 12.30 बजे चालक जैसे-तैसे मालगाड़ी बैक कर वापस फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर लाया।इसके बाद टाटा छपरा एक्सप्रेस को फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद के लिए रवाना किया गया। यह ट्रेन गुजरने के बाद दोपहर करीब 12.55 बजे 154बी रेलवे क्रासिंग खोली गई।